कांडा। बागेश्वर जिले के कांडा-बाजड़-सिमकुना मोटर मार्ग पर थरन के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे का पता सुबह उस समय चला, जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर भद्रवती नदी के पास पलटी हुई कार पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
बताया गया कि सखोला निवासी शंकर सिंह (28) पुत्र कृपाल सिंह और राहुल सिंह नगरकोटी (32) पुत्र नरेंद्र सिंह ऑल्टो कार से जा रहे थे। थरन के पास मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल राहुल सिंह किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहे। वह सड़क तक पहुंचे और एक ग्रामीण के बरामदे में जाकर मदद मांगी। वहीं शंकर सिंह वाहन के अंदर ही फंसे रह गए।
सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज और तहसीलदार जगदीश गिरी पुलिस-प्रशासन की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल राहुल को निजी वाहन के जरिए सीएचसी कांडा ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. दिवाकर पांडेय की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान करीब 11 बजे शंकर सिंह को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र नगरकोटी ने सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटनास्थल के पास सड़क के किनारे बेहद गहरी खाई है, लेकिन वहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।
यह भी पढ़े:देहरादून में बारिश बनी आफत, तेज बहाव में कार बही; दो की मौत, युवती रेस्क्यू
ग्रामीणों ने मांग की है कि कांडा-बाजड़-सिमकुना मोटर मार्ग पर सभी संवेदनशील और दुर्घटना संभावित स्थानों का निरीक्षण कर क्रैश बैरियर और सुरक्षा दीवारों का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

1 thought on “बागेश्वर में दर्दनाक सड़क हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो, एक की मौत और एक गंभीर घायल”