बागेश्वर डबल मर्डर केस का खुलासा, भतीजा गिरफ्तार; चाचा-चाची की हत्या में इस्तेमाल रॉड बरामद

उत्तराखण्ड
10 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, नशे की हालत में आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम

 

बागेश्वर। जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, दंपति की हत्या उनके ही भतीजे गोविंद बल्लभ खोलिया (52) ने की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे की है। इस दौरान बुजुर्ग पूरन चंद्र खोलिया (70) और उनकी पत्नी भगवती देवी (62) पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक दंपति के पोते निखिल खोलिया ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी और मृतक परिवार के बीच करीब 10 साल से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले से हत्या के प्रयास का मुकदमा भी दर्ज था। इसी पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी को पुलिस ने हत्या की वजह बताया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। वह लोहे की रॉड लेकर घर में पहुंचा और बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। बताया गया कि इस दौरान आरोपी की पत्नी ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह उन्हें बचा नहीं सकी।

वारदात के बाद आरोपी गांव के प्रधान के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा और सीओ अजय साह के निर्देशन में बैजनाथ, कौसानी, कपकोट, झिरौली पुलिस और एसओजी की टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू की। संयुक्त टीम ने घेराबंदी करते हुए उसे कौसानी से पहले गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *