देहरादून/हरिद्वार।भगवान चित्रगुप्त की कथा और मां गंगा की भव्य आरती को लेकर हरिद्वार में एक बार फिर तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। 31 अक्टूबर से शुरू होने वाला यह कार्यक्रम हरिद्वार के भूपतवाला स्थित चित्रकूट आश्रम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से किया जा रहा है। हालांकि, इसमें केवल कायस्थ समाज ही नहीं, बल्कि सभी समाजों के लोगों को आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम के तहत 1 नवंबर को दोपहर 3 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद शाम 5 बजे चित्रकूट घाट पर मां गंगा की भव्य आरती होगी। वहीं, शाम 7 बजे भगवान चित्रगुप्त की कथा का वाचन किया जाएगा। वृंदावन से आए चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी श्री सच्चिदानंद महाराज कथा सुनाएंगे। इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय भी मौजूद रहेंगे।
तीन दिवसीय आयोजन में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समाजसेवा को भी विशेष महत्व दिया गया है। आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जिसमें लोग स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। इसके साथ ही भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के पदाधिकारियों के अनुसार, इस विशेष आयोजन की शुरुआत वर्ष 2024 में देवभूमि उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम से हुई थी। इसके बाद पिछले वर्ष हरिद्वार में कार्यक्रम आयोजित किया गया और इस वर्ष भी मां गंगा के तट पर चित्रकूट घाट के निकट स्थित चित्रकूट आश्रम में इसे भव्य रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा दुबई और सिंगापुर से भी लोग शामिल होने आ रहे हैं। आयोजकों के मुताबिक, अब तक करीब 1,500 लोगों का पंजीकरण हो चुका है।
यह भी पढ़े:उत्तराखंड: उरी सेक्टर में सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया का निधन, गांव में पसरा मातम
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने सभी समाजों के लोगों से इस तीन दिवसीय धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। वहीं, महासभा के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने का आह्वान किया है।

1 thought on “हरिद्वार में तीन दिवसीय भगवान चित्रगुप्त कथा और गंगा आरती का होगा भव्य आयोजन, देश-विदेश से पहुंचेंगे श्रद्धालु”