Uttarakhand: ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायत अब गुमनाम तरीके से भी दर्ज कर सकेंगे लोग

उत्तराखण्ड

ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया उत्पीड़न और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर गुमनाम शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कई लोग अपनी पहचान सामने आने के डर या सामाजिक शर्मिंदगी की वजह से शिकायत दर्ज नहीं करा पाते थे। ऐसे मामलों को ध्यान में रखते हुए यह विकल्प शुरू किया गया है।

भारत सरकार के राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर खासतौर पर महिलाओं और बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों की शिकायत बिना पहचान उजागर किए दर्ज की जा सकती है। इसके लिए पोर्टल पर जाकर वुमेन और चिल्ड्रन रिलेटेड क्राइम सेक्शन में “रजिस्टर एनोनिमसली” विकल्प चुनना होता है।

शिकायत दर्ज करते समय घटना से जुड़ी जानकारी जैसे तारीख, समय, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और आरोपी की प्रोफाइल लिंक या यूआरएल भरना होता है। इसके अलावा स्क्रीनशॉट, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी अपलोड किए जा सकते हैं। सभी जानकारी सत्यापित करने के बाद शिकायत ऑनलाइन सबमिट की जा सकती है।

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी ऑनलाइन अपराध में डिजिटल साक्ष्य बेहद अहम होते हैं। इसलिए धमकी, ब्लैकमेलिंग, फर्जी प्रोफाइल, अश्लील संदेश या सोशल मीडिया पर उत्पीड़न जैसी घटनाओं में स्क्रीनशॉट और रिकॉर्ड सुरक्षित रखना जरूरी है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी या ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

इधर साइबर पुलिस ने फेक लोन ऐप्स को लेकर भी चेतावनी जारी की है। पुलिस के अनुसार ठग सोशल मीडिया पर आसान और तुरंत लोन दिलाने का लालच देकर लोगों को फर्जी ऐप डाउनलोड करवाते हैं। ऐप इंस्टॉल होते ही मोबाइल का निजी डाटा, कॉन्टैक्ट्स और गैलरी तक पहुंच बना ली जाती है। इसके बाद फोटो एडिट कर लोगों को ब्लैकमेल किया जाता है और पैसे की मांग की जाती है।

यह भी पढ़े: कपकोट के किसान ने तिमूर की खेती से दिखाई नई राह, बाजार की कमी बनी सबसे बड़ी चुनौती

पुलिस ने लोगों किसी भी अनजान लिंक या संदिग्ध लोन ऐप डाउनलोड न करने और डिजिटल सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *