बागेश्वर में धीरेन्द्र परिहार हत्याकांड का खुलासा, महिला समेत दो गिरफ्तार

उत्तराखण्ड

 

लोहे की रॉड से सिर पर किए दो वार, चारपाई के नीचे छिपाया शव; बाद में कार से ले जाकर गोमती नदी में फेंका

बागेश्वर।बागेश्वर में करीब 17 दिनों से लापता 35 वर्षीय धीरेन्द्र परिहार उर्फ कक्कू की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोमती नदी के पास से धीरेन्द्र का शव बरामद किया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, धीरेन्द्र परिहार निवासी तल्ली बाजार, बागनाथ वार्ड 17 अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे घर से बागेश्वर बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद 31 अक्टूबर को उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली बागेश्वर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू कराई। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, कॉल डिटेल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान धीरेन्द्र का एक महिला के मोबाइल नंबर से लगातार संपर्क होना सामने आया। पुलिस ने जब इस नंबर की जानकारी जुटाई तो वह नुमाइशखेत निवासी लता भंडारी के नाम पर मिला।

पुलिस ने महिला से पूछताछ की और उसके घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। जांच में धीरेन्द्र की जूपिटर स्कूटी 2 नवंबर को चिल्ड्रन पार्क, नुमाइशखेत के पास खड़ी मिली। वहीं, 19 अक्टूबर की रात महिला की कार को संदिग्ध परिस्थितियों में आते-जाते देखा गया।

इसके बाद पुलिस ने महिला से दोबारा सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेन्द्र नशे की हालत में उसके घर पहुंचे थे। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। महिला के अनुसार, जब धीरेन्द्र ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की तो गुस्से में आकर उसने घर में रखी लोहे की रॉड से उनके सिर पर दो बार वार कर दिया। इससे धीरेन्द्र वहीं गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

महिला ने पुलिस को बताया कि इसके बाद उसने शव को अपनी चारपाई के नीचे छिपा दिया। अगले दिन 18 अक्टूबर को उसने अपने भाई त्रिभुवन उर्फ बबलू को पूरी घटना की जानकारी दी। आरोप है कि रात में दोनों ने मिलकर शव को कार की पिछली सीट पर रखा और बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग पर थुनाई बैंड के पास से नदी में फेंक दिया

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर तलाश अभियान चलाया। 3 नवंबर की शाम गोमती नदी के पास से धीरेन्द्र का शव बरामद किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और कार भी बरामद कर ली है।

 

पुलिस ने मामले में पहले दर्ज गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या, साक्ष्य छिपाने और अन्य संबंधित धाराओं में तरमीम कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

1. लता भंडारी (42 वर्ष)पत्नी स्व. मोहित भंडारी, निवासी नुमाइशखेत, बागेश्वर।

2. त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू (39 वर्ष) पुत्र मदन सिंह बिष्ट, निवासी कठायतबाड़ा, बागेश्वर।

पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *