बेड़ा मझेड़ा में खुली बैठक के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित, ग्रामीणों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां

उत्तराखण्ड

कपकोट (बागेश्वर)।विकासखंड कपकोट की ग्राम पंचायत बेड़ा मझेड़ा में ग्राम पंचायत की खुली बैठक एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान मनोज भट्ट ने की, जबकि संचालन ग्राम पंचायत विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह गढ़िया ने किया।

कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य शेखर जोशी, पूर्व प्रधानों सहित स्वास्थ्य विभाग, एसआईआर टीम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान ग्राम पंचायत विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह गढ़िया ने ग्रामीणों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण, परिवार रजिस्टर के महत्व तथा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पंजीकरण से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से समय पर आवश्यक पंजीकरण कराने और स्वच्छता व वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की अपील की।

इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की आंखों की जांच, रक्तचाप, शुगर जांच एवं एक्स-रे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जागरूकता की जानकारी भी दी। इसके अलावा पेंशनरों के सत्यापन फॉर्म भी भरे गए।

यह भी पढ़े: कपकोट : रामघाट में चला स्वच्छता अभियान, स्वच्छ भारत के संकल्प को किया मजबूत

ग्रामीणों ने खुली बैठक और स्वास्थ्य शिविर को जनहित में उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। कार्यक्रम का समापन ग्राम पंचायत के समग्र विकास, स्वच्छता, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और जनकल्याण के संकल्प के साथ हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *