कपकोट हादसे पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को घेरा

उत्तराखण्ड

बागेश्वर।श्रावण मास के प्रथम सोमवार को कपकोट स्थित शिवालय के पास हुए दर्दनाक हादसे, जिसमें सरयू नदी में बहने से एक 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, को लेकर कांग्रेस ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि श्रावण मास के दौरान शिवालय में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी प्रशासन को पहले से थी। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिससे यह दुखद हादसा हुआ

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन भट्ट और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।

वहीं, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आस्था के प्रमुख केंद्रों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि समय रहते पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाते, तो इस तरह की दुखद घटना से बचा जा सकता था।

यह भी पढ़े:बारिश और आपदा से मकान ध्वस्त, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *