बारिश और आपदा से मकान ध्वस्त, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

उत्तराखण्ड

बागेश्वर। जनपद के कपकोट विकासखंड अंतर्गत फरसाली मल्लादेश गांव में लगातार हो रही बारिश और आपदा के चलते नारायण पुरी गोस्वामी का मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गया। मकान रहने योग्य नहीं बचा है, जिससे परिवार के सामने सुरक्षित आश्रय का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित नारायण पुरी गोस्वामी का कहना है कि उनका मकान पिछले वर्ष भी आपदा की चपेट में आया था। उस समय भी उन्होंने प्रशासन से सहायता और मुआवजे की मांग की थी, लेकिन अब तक उन्हें किसी प्रकार की सरकारी राहत नहीं मिल सकी। इस वर्ष दोबारा आपदा ने उनके आशियाने को पूरी तरह तबाह कर दिया है।

उन्होंने बताया कि परिवार में दो छोटे बच्चे हैं और मकान की जर्जर स्थिति के कारण उसमें रहना जान जोखिम में डालने जैसा है। बारिश के बीच परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है।

पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने, उचित मुआवजा उपलब्ध कराने तथा सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने की मांग की है। नारायण पुरी गोस्वामी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द राहत और सहायता नहीं मिली तो वे मजबूर होकर आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने पर विवश होंगे।

यह भी पढ़े:श्रावण के पहले सोमवार पर दर्दनाक हादसा: सरयू नदी में बहा 8 वर्षीय मासूम, रेस्क्यू अभियान जारी

फिलहाल परिवार प्रशासन से त्वरित राहत और आवश्यक सहायता की उम्मीद लगाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *