श्रावण के पहले सोमवार पर दर्दनाक हादसा: सरयू नदी में बहा 8 वर्षीय मासूम, रेस्क्यू अभियान जारी

उत्तराखण्ड

बागेश्वर। जनपद के कपकोट क्षेत्र में श्रावण मास के प्रथम सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे शिवालय कपकोट के पास सीढ़ियों से फिसलकर 8 वर्षीय राकेश सिंह सरयू नदी के तेज बहाव में बह गया।

राकेश, नारायण सिंह और कमला देवी का पुत्र था। वह कक्षा 2 का छात्र था। परिवार मूल रूप से ग्राम लाहुर, थाना कपकोट का निवासी है। बच्चों की पढ़ाई के लिए उसकी मां कपकोट में किराए के मकान में रह रही थीं, जबकि पिता निजी नौकरी करते हैं। परिवार में बड़ी एक बेटी और सबसे छोटा बेटा राकेश था।

घटना की सूचना मिलते ही कपकोट पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF) और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। सरयू नदी में बच्चे की तलाश के लिए व्यापक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों ने भी खोज अभियान में टीमों का सहयोग किया।

रेस्क्यू टीमों ने नदी के कई हिस्सों में तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका था। प्रशासन की ओर से खोज अभियान लगातार जारी रखा गया।

यह भी पढ़े:बदियाकोट में मंदिर सौंदर्यीकरण और मोटर मार्ग की स्वीकृति पर ग्रामीणों ने विधायक सुरेश गड़िया का जताया आभार

इस दर्दनाक घटना से पूरे कपकोट क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग बच्चे के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं, जबकि प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *