कपकोट में सावन के पहले सोमवार को सरयू नदी में बह गए 8 वर्षीय राकेश का शव बरामद हो गया। शव मिलने से परिजनों का इंतजार दर्दनाक अंत में बदल गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को कपकोट शिवालय के पास राकेश का पैर फिसलने से वह सरयू नदी के तेज बहाव में बह गया था। घटना के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ,NDRF, फायर सर्विस और अन्य बचाव दल लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
शुक्रवार को असों क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के समीप नदी किनारे पत्थरों के बीच एक शव दिखाई देने की सूचना उत्तरौड़ा निवासी कैलाश पाठक और उनके साथ मौजूद लोगों ने डायल-112 पर दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला।
शव की पहचान राकेश के परिजनों द्वारा की गई। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरने सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।
यह भी पढ़े:बागेश्वर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, उरेडा परियोजना अधिकारी 40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
गौरतलब है कि राकेश सावन के पहले सोमवार को कपकोट शिवालय के पास सरयू नदी में स्नान के दौरान पैर फिसलने से नदी में बह गया था। तीन दिनों तक चले लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद उसका शव बरामद होने से परिजनों की उम्मीदें टूट गईं और पूरे क्षेत्र में गहरा मातम छा गया।
