कपकोट।धार्मिक यात्राओं एवं आयोजनों के दौरान हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगाने और इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग को लेकर बुधवार को उप जिलाधिकारी कपकोट के माध्यम से उत्तराखंड सरकार को ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि उत्तराखंड देवभूमि के रूप में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, जहां विभिन्न धर्मों और संप्रदायों के श्रद्धालु धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक शांति और धार्मिक अनुष्ठानों के उद्देश्य से यात्रा करते हैं। ऐसे में धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना आवश्यक है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कांवड़ यात्रा, हेमकुंड साहिब यात्रा सहित सभी धार्मिक यात्राओं एवं आयोजनों में हथियारों के प्रदर्शन को लेकर समान नियम लागू किए जाएं। साथ ही सभी धर्मों और समुदायों के लिए एक समान व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदेश में शांति, भाईचारा और देवभूमि की गरिमा बनी रहे।
ज्ञापन सौंपने वालों का कहना था कि स्पष्ट दिशा-निर्देश लागू होने से धार्मिक आयोजनों के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी तथा सभी समुदायों के बीच समानता का संदेश जाएगा।
यह भी पढ़े:बेड़ा मझेड़ा में खुली बैठक के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित, ग्रामीणों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां
इस दौरान एनएसयूआई बागेश्वर के जिला अध्यक्ष कमलेश गढ़िया, युवा कांग्रेस कपकोट के विधानसभा अध्यक्ष प्रकाश जोशी, नगर अध्यक्ष विवेक कपकोटी तथा एनएसयूआई कार्यकर्ता हरीश गढ़िया मौजूद रहे।
