सड़क के अभाव में 2 किमी डोली से घर पहुंचे बुजुर्ग, ग्रामीणों में नाराजगी

उत्तराखण्ड

कपकोट। विकासखंड कपकोट के पुड़कूनी क्षेत्र के बड़ा गांव तोक में सड़क सुविधा के अभाव की समस्या एक बार फिर सामने आई है। गांव निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार पदम सिंह वाछमी उपचार के बाद जब घर लौटे, तो सड़क न होने के कारण उन्हें करीब दो किलोमीटर तक डोली के सहारे घर पहुंचाना पड़ा।

ग्रामीण रामू मेहरा, आन सिंह, दलीप सिंह, भूपाल सिंह, उत्तम सिंह, रमेश वाछमी और तारा मेहरा ने मिलकर बुजुर्ग को डोली के माध्यम से उनके घर तक पहुंचाया। इस दौरान सड़क सुविधा न होने को लेकर ग्रामीणों और युवाओं ने नाराजगी जताई।

क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवती गड़िया ने बताया कि बड़ा गांव तोक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां 150 से अधिक परिवार निवास करते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में किसी भी आपात स्थिति में मरीजों और पीड़ितों को डोली, डंडी-कांडी के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार शासन-प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से सड़क की मांग लंबित होने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं आया है।

ग्रामीण धीरज गढ़िया ने कहा कि यदि बड़ा गांव तक सड़क पहुंची होती तो पदम सिंह वाछमी सीधे वाहन से अपने घर पहुंच सकते थे और ग्रामीणों को भी इस तरह की कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता।

यह भी पढ़े:धार्मिक यात्राओं में हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग, एसडीएम कपकोट को सौंपा ज्ञापन

सड़क निर्माण में हो रही देरी से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो आगामी विधानसभा चुनाव में चुनाव बहिष्कार पर विचार किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *