सात सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों का धरना दूसरे दिन भी जारी

उत्तराखण्ड

कपकोट।देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ शाखा कपकोट के बैनर तले कर्मचारियों का तीन दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रांतीय आह्वान पर चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने नगर पंचायत कार्यालय भराड़ी-कपकोट परिसर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

शाखा अध्यक्ष राजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित धरने के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सफाई व्यवस्था की ठेका प्रथा समाप्त करने, सफाई कर्मचारियों को नियमित करने, वर्ष 2021 में गठित रायल कमेटी की सिफारिशों को लागू करने, मृतक आश्रित नियमावली में शिथिलता देने, पदोन्नति प्रदान करने तथा मोहल्ला स्वच्छता समिति में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित किए जाने समेत सात सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।

धरना कार्यक्रम सुबह लगभग 11:45 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चला। इस दौरान कर्मचारियों ने “हमारी मांगें पूरी करो”, “धामी सरकार होश में आओ”, “सफाई कर्मचारी एकता जिंदाबाद” और “पुरानी पेंशन बहाल करो” जैसे नारे लगाए।

यह भी पढ़े:सड़क के अभाव में 2 किमी डोली से घर पहुंचे बुजुर्ग, ग्रामीणों में नाराजगी

धरने में शाखा महासचिव सचिन कुमार सहित कमल कुमार, राहुल कुमार, संजीव कुमार, मनदीप, सुरेश, अर्जुन, केदार, विमला, बबीता, अबिता और सुमित समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *