कपकोट में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर आयोजित, 18 लाभार्थियों को मिले मुआवजे के चेक

उत्तराखण्ड

कपकोट। उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत चल रहे सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को कपकोट विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज हरसीला में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।

कार्यक्रम में विधायक कपकोट सुरेश गड़िया, शिव सिंह बिष्ट (दर्जा राज्य मंत्री), भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया, ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, कुमाऊं मंडल विकास निगम के गैर सरकारी निदेशक दयाल ऐठानी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम, उपजिलाधिकारी कपकोट अनिल चन्याल, खंड विकास अधिकारी सुभाष लोहनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान विद्युत, सिंचाई, शिक्षा और आपदा से संबंधित कुल 8 शिकायतें प्राप्त हुईं। विधायक सुरेश गड़िया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी तथा कई विभागों ने जागरूकता के लिए प्रदर्शनी भी लगाई। कार्यक्रम के दौरान 18 लाभार्थियों को मुआवजे के चेक और 4 दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध किट वितरित की गई।

यह भी पढ़े:भारी बारिश का कहर: पन्याति में खुशाल सिंह गड़िया का मकान क्षतिग्रस्त, 5 कमरों में पड़ी दरारें

सरकार की ओर से आयोजित यह शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *