हरिद्वार में VIP शादी पर रोक: राजाजी टाइगर रिजर्व के मंदिर में समारोह को लेकर मुकदमा दर्ज
राजाजी टाइगर रिजर्व के हरिद्वार रेंज स्थित सुरेश्वरी देवी मंदिर में प्रस्तावित एक शादी समारोह को लेकर वन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में मंदिर समिति से जुड़े लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री खजान दास के बेटे की शादी रविवार को इसी मंदिर परिसर में आयोजित की जानी थी। इसके लिए मंदिर को सजाया गया था और समारोह से जुड़ा सामान भी मौके पर पहुंच चुका था।
सोशल मीडिया पर जैसे ही इस आयोजन की जानकारी वायरल हुई, वन विभाग हरकत में आया। अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तैयारियों को रुकवाया और शादी से जुड़ा सामान हटवा दिया। बाद में केवल धार्मिक पूजा-अर्चना ही संपन्न कराई गई।
मामले को लेकर यह भी आरोप लगाए गए थे कि आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने और जनरेटर आदि के इस्तेमाल से वन्यजीवों की गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। यही वजह रही कि विभाग ने इसे गंभीरता से लिया।
उच्च अधिकारियों तक शिकायत पहुंचने के बाद जांच के आदेश दिए गए। मौके पर टीम भेजकर स्थिति का जायजा लिया गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़े:जंगल बचाने के लिए पति से भी लड़ गईं बचनी देवी | 100 साल की उम्र में चिपको नायिका का निधन
वहीं, मंत्री खजान दास का कहना है कि कार्यक्रम सिर्फ धार्मिक रस्मों तक सीमित था। उनके अनुसार, किसी तरह का शोर-शराबा या ऐसा आयोजन नहीं होना था जिससे जंगल या वन्यजीवों को नुकसान पहुंचे।
