कपकोट में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक नेपाली मूल का व्यक्ति कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग स्थित रीठाबगड़ बगड़ मोटर पुल के ऊपरी छज्जे पर चढ़ गया। जानकारी के अनुसार व्यक्ति निजी कारणों के चलते आत्महत्या जैसी बात कर रहा था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामला सुबह लगभग 8 बजे का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
प्राथमिक जानकारी में व्यक्ति की पहचान दीपक सिंह कार्की पुत्र मान सिंह कार्की, निवासी नेपाल (हाल निवासी खाईबगड़) उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई है, जो कपकोट क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता है। बताया जा रहा है कि वह अत्यधिक शराब के नशे में था।
यह भी पढ़े:ग्राम तोली में आज से शुरू हुआ “भास्कर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026”
रेस्क्यू के बाद पुलिस द्वारा उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट भेजा गया। समय रहते राहत एवं बचाव टीमों की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया।
