खटीमा के जंगल में महिला पर बाघ का हमला, ग्रामीण महिलाओं की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

उत्तराखण्ड

उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में जंगल से चारा-पत्ती लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि साथ मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर बाघ जंगल की ओर भाग गया, जिससे महिला की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, चकरपुर क्षेत्र के पचौरिया गांव की निवासी गोविंदी देवी गुरुवार सुबह अन्य महिलाओं के साथ नखाताल जंगल में पशुओं के लिए पत्ते एकत्र करने गई थीं। इसी दौरान जंगल की झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला के पैर और कंधे के पास चोटें आईं।

घटना होते ही साथ मौजूद महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया, जिसके बाद बाघ मौके से भाग गया। घायल महिला को तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से उप जिला अस्पताल खटीमा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

यह भी पढ़े:खराब मौसम के चलते अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके राहुल गांधी, फोन से दिया संदेश

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, महिला की स्थिति अब सामान्य है। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से जंगल में जाते समय सावधानी बरतने और समूह में ही जाने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *