कपकोट। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कपकोट क्षेत्र में जगह-जगह स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, राजनीतिक दलों और विभिन्न संस्थाओं में ध्वजारोहण कर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कपकोट में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक नारायण सिंह सहित महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मधुलिका पाठक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रा. आ. प्रा. वि. शामा पन्याली में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सुंदर स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में खास रंग भर दिया।
गर्जिल स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय में ध्वजारोहण के साथ छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
विवेकानंद विद्या मंदिर कपकोट के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
रामघाट कपकोट में पूर्व सैनिक समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज फहराया गया। पूर्व सैनिकों ने देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
भारतीय जनता पार्टी कपकोट की ओर से भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया।
वहीं नगर कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कपकोट की ओर से कांग्रेस कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया और मिठाई वितरित की गई।
इसके अलावा कपकोट क्षेत्र के विभिन्न गांवों और विद्यालयों में भी ध्वजारोहण, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और तिरंगा यात्राएं आयोजित की गईं। बारिश के बावजूद स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला।
कपकोट क्षेत्र में आयोजित इन कार्यक्रमों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एकता, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

1 thought on “कपकोट में जगह-जगह शान से लहराया तिरंगा, स्कूलों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक गूंजा देशभक्ति का संदेश”