उत्तराखंड में लगातार पड़ रही तेज गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी देहरादून समेत कई इलाकों में सुबह से ही आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।

मौसम में इस बदलाव का असर आसपास के क्षेत्रों में भी देखा गया, जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है। साथ ही 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
चार और पांच मई के लिए कई जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं तेज हवाओं (40 से 50 किमी प्रति घंटा) और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट लागू है।
स्थिति को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, ट्रैकिंग गतिविधियों को सीमित रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़े : राजकीय प्राथमिक विद्यालय शामा पन्याली ने बढ़ाया मान,नवोदय प्रवेश परीक्षा में हार्दिक कोरंगा ने जिले में किया टॉप
संबंधित विभागों को भी सड़कों पर अवरोध की स्थिति में तुरंत बहाली करने और सभी संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
