उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही इस बार बेटियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। टॉपर्स की सूची में छात्राओं ने अपनी मजबूत पकड़ बनाते हुए एक बार फिर साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं हैं।

इंटरमीडिएट परीक्षा में दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। बागेश्वर के सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज की गीतिका पंत और ऊधमसिंह नगर के भुरापानी स्थित भंगाराम अमर इंटर कॉलेज की सुशीला मेहदीरत्ता ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया।
वहीं दूसरे स्थान पर ऋषिकेश (देहरादून) के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास के छात्र आर्यन ने 97.80 प्रतिशत अंक हासिल किए। तीसरे स्थान पर हरिद्वार के मायापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की वंशिका ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इंटरमीडिएट परिणाम में बागेश्वर जिला 94.81 प्रतिशत के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा
हाईस्कूल में भी दिखा शानदार प्रदर्शन
हाईस्कूल परीक्षा में रामनगर के एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।
दूसरे स्थान पर उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ स्थित एसवीएम इंटर कॉलेज के इशांत कोठारी और नैनीताल के खैरना स्थित जीबी पंत जीआईसी की छात्रा भूमिका ने 98 प्रतिशत अंक हासिल किए।
तीसरे स्थान पर बागेश्वर के विवेकानंद वीएम इंटर कॉलेज मंडलसेरा के योगेश जोशी ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
बालिकाओं की श्रेणी में भूमिका ने 98 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
हाईस्कूल में भी बागेश्वर जिला 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ अव्वल रहा।
मेरिट सूची में चमके शशांक पुरोहित
श्रीनगर के सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र शशांक पुरोहित ने हाईस्कूल मेरिट सूची में प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 97.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और परिवार में खुशी का माहौल है।

