बड़ी खबर: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर टली बड़ी त्रासदी, चलती टैक्सी में लगी आग—7 लोग सुरक्षित बाहर निकले

उत्तराखण्ड

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम एक गंभीर हादसा होते-होते टल गया। बछेलीखाल के पास एक चलती टैक्सी में अचानक आग लग गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से सभी सात लोग समय रहते वाहन से बाहर निकल गए और सुरक्षित बच गए।

मिली जानकारी के अनुसार, गुप्तकाशी क्षेत्र का चालक दोपहर करीब 11 बजे यात्रियों को लेकर सोनप्रयाग से ऋषिकेश की ओर रवाना हुआ था। शाम करीब 5:45 बजे, जब वाहन तीनधारा से आगे बछेलीखाल के पास पहुंचा, तभी अचानक इंजन ज्यादा गर्म हो गया। इसी दौरान क्लच और एक्सीलेटर ने काम करना बंद कर दिया और गाड़ी के बोनट से धुआं उठने लगा।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन रोका और सभी यात्रियों को नीचे उतरने को कहा। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी टैक्सी लपटों में घिर गई।

सूचना मिलते ही बछेलीखाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फ्यूल टैंक में विस्फोट की आशंका को देखते हुए एहतियातन हाईवे के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।

यह भी पढ़े:कपकोट गुरु गोरखनाथ पोखरी मंदिर में 6 मई से भागवत कथा शुरू, सरयू नदी से निकलेगी भव्य कलश यात्रा

आग बुझने के बाद पुलिस ने यातायात को फिर से सुचारू किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *