कुमाऊं मंडल में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ गया है। बृहस्पतिवार देर रात से कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है।
शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। बागेश्वर और नैनीताल जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका भी बढ़ गई है।
बारिश का असर सामान्य जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। कई ग्रामीण और संपर्क मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए पिथौरागढ़ और नैनीताल में कक्षा 12 तक के स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
मौसम विभाग ने 15 अगस्त के लिए बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पर्वतीय इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। ऊधमसिंह नगर में भी बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
वहीं, 16 अगस्त को बारिश की गतिविधियां और बढ़ने का अनुमान है। बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके अलावा अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़े:कपकोट में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीदों को किया नमन
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों और प्रभावित सड़कों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान गैरजरूरी यात्रा से बचें और नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें।
