कपकोट में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीदों को किया नमन
कपकोट में ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। केदारेश्वर मैदान से शुरू हुई यह यात्रा भराड़ी टैक्सी स्टैंड तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, विद्यार्थी और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष लगाए। राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
यात्रा के दौरान शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचकर देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके साथ ही भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके सेवानिवृत्त वीर जवानों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक सुरेश गड़िया ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों का बलिदान और वीर सैनिकों का साहस देशवासियों को हमेशा राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभा गड़िया, कुमाऊं मंडल विकास निगम के निदेशक दयाल ऐठानी, कपकोट मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी, शिखर मंडल अध्यक्ष हरीश कोरंगा, कार्यक्रम संयोजक ओम प्रकाश ऐठानी, समाज कल्याण अनुश्रवण समिति की सदस्य चंपा देवी, जिला महामंत्री संजय परिहार, जिला कोषाध्यक्ष मुन्ना कपकोटी, युवा मोर्चा कुमाऊं संयोजक दीपक गस्याल, युवा मोर्चा महामंत्री हरीश मेहरा, युवा मोर्चा मंत्री गोविंद कपकोटी, कपकोट मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष महेश गढ़िया और शिखर मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष चंदन कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
