कपकोट, 28 जुलाई।बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, मोतिहारी (बिहार) निवासी 34 वर्षीय कन्हैया पटेल, जो वर्तमान में हाइडिल क्षेत्र, थाना कपकोट में रह रहे हैं, ने कथित तौर पर अपने ठेकेदार से पैसों के लेन-देन और डांट-फटकार के बाद शराब के नशे में ग्राम पनौरा के निकट सरयू नदी में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नदी के तेज बहाव में कुछ दूर तक बह गया, लेकिन सौभाग्य से एक बड़े पत्थर पर अटक गया। इसी दौरान ग्राम प्रधान पनौरा वीरेन्द्र सिंह कपकोटी ने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए नदी में उतरकर युवक को सकुशल बाहर निकाला। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक अनमोल जीवन बच गया।
सूचना मिलते ही थाना कपकोट पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। बताते चले कि युवक को केवल मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
यह भी पढ़े:जातौली की मार्मिक तस्वीर: इलाज के लिए 10 KM डोली में ले जानी पड़ी बीमार महिला, व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना में ग्राम प्रधान वीरेन्द्र सिंह कपकोटी की बहादुरी और मानवता की भावना की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। यदि उन्होंने समय रहते साहसिक कदम न उठाया होता, तो यह घटना एक बड़ी त्रासदी में बदल सकती थी। वहीं, कपकोट पुलिस की त्वरित कार्रवाई भी प्रशंसनीय रही, जिसने युवक को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार सुनिश्चित कराया।
