कपकोट (बागेश्वर)। लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए बघर-ढोक्टी मोटर मार्ग का स्थानीय विधायक ने संबंधित विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि भारी बारिश के चलते मार्ग कई स्थानों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आपदा की इस चुनौतीपूर्ण घड़ी में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाकर राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की जा रही है, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके और प्रभावित मार्गों को पुनः संचालित किया जा सके।
इस दौरान कुमाऊँ मंडल विकास निगम के डायरेक्टर दयाल ऐठानी, किसान मोर्चा महामंत्री भुवन गड़िया, पूर्व प्रधान राजू दानू, आनंद मेहता, क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश गड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।
विधायक ने कहा कि आपदा चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो, क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है तथा जनहित में हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
