देहरादून।उत्तराखंड का लोकपर्व हरेला इस वर्ष भी पूरे उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। प्रदेशभर में विभिन्न सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा बड़े स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत राज्यभर में छह लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ विशेष अभियान की शुरुआत की है।
पार्टी द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेश के सभी बूथों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता से व्यापक पौधरोपण किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि हरेला पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा। अभियान के संचालन की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों को सौंपी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। इसके लिए प्रत्येक पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
पार्टी संगठन ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला और मंडल स्तर पर विशेष समितियों का गठन किया है। इन समितियों के माध्यम से प्रदेश के 11,729 बूथों पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, नगर निकायों के प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख भी अपने-अपने क्षेत्रों में पौधरोपण कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।
उधर, नगर निगम देहरादून ने भी हरेला पर्व के अवसर पर हरित अभियान की शुरुआत करते हुए 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर सब्जियों की पौध वितरित की जा रही है। अभियान का शुभारंभ मेयर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने पौध वितरण के साथ किया।
