कपकोट। कपकोट विधानसभा क्षेत्र की कनलगड़ घाटी स्थित ग्राम बैसानी (लामाबगड़) के लोगों को जल्द ही बेहतर मोबाइल नेटवर्क और तेज इंटरनेट की सुविधा मिलने वाली है। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया ने ग्रामीणों की मौजूदगी में बीएसएनएल 4G मोबाइल टावर निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक सुरेश गड़िया ने कहा कि मोबाइल टावर के निर्माण से बैसानी सहित आसपास के गांवों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि संचार सुविधाएं मजबूत होने से लोगों को डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा और आपातकालीन परिस्थितियों में संपर्क व्यवस्था भी पहले की तुलना में अधिक प्रभावी होगी।
उन्होंने कहा कि कपकोट विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं को पहुंचाना और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के समग्र विकास और जनसेवा के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े:कपकोट में प्राथमिक शिक्षकों का धरना, पुरानी पेंशन बहाली और TET से छूट की उठी मांग
शिलान्यास कार्यक्रम में ग्राम प्रधान देवेन्द्र गढ़िया, पूर्व ग्राम प्रधान एवं शक्ति केंद्र संयोजक सुरेन्द्र गढ़िया, प्रकाश बिष्ट, गिरीश गढ़िया, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा सिंह बघरी, मंडल महामंत्री देवेन्द्र गढ़िया, विपिन बिष्ट, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष दिनेश गढ़िया, चन्द्र सिंह कपकोटी, दीपक खेतवाल, तारा सिंह बघरी, बलवंत बघरी सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
