कपकोट। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शुक्रवार को कपकोट तहसील मुख्यालय में उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई कपकोट के बैनर तले शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश पाण्डेय के नेतृत्व में करीब 25 से 30 शिक्षकों ने दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरने के दौरान शिक्षकों ने “पुरानी पेंशन बहाल करो” और “अभी तो ली अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है” जैसे नारों के साथ पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा प्राथमिक शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किए जाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन प्रधानमंत्री एवं मानव संसाधन विकास मंत्री, भारत सरकार के नाम तहसीलदार कपकोट को सौंपा।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत, जिला महिला उपाध्यक्ष दुर्गा कोईराला, ब्लॉक कोषाध्यक्ष गिरीश प्रसाद तिरुवा, जिला मंत्री महिपाल सिंह कपकोटी, हरीश ऐठानी, तारा प्रसाद, किशन कोश्यारी, हेमा देव, नीलम कपकोटी, अनुराधा जुयाल, रेखा ऐठानी, तारा सिंह कोरंगा, रमेश लाल, अंजलि कपकोटी सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े:मानदेय बढ़ाने और लंबित भुगतान की मांग, आशा फैसिलेटरों ने उठाई आवाज
वक्ताओं ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन योजना बहाल नहीं की जाती और प्राथमिक शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से राहत नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 17 जुलाई 2026 को जिला मुख्यालय बागेश्वर में भी धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
