बागेश्वर पहुंचे भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों का भव्य स्वागत, पंचायतों को लेकर रखी विकास की रूपरेखा

उत्तराखण्ड

बागेश्वर।भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक गोबिंद सिंह दानू और भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के सह संयोजक गिरीश परिहार के पहली बार बागेश्वर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। दोनों नेताओं का गरुड़-बैजनाथ से दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ स्वागत रैली निकालते हुए भाजपा जिला मुख्यालय लाया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोबिंद सिंह दानू ने कहा कि सरकार, संगठन और त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं के समाधान के लिए भी सरकार और संगठन के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने विकसित भारत रोजगार गारंटी आजीविका मिशन (वीबी-रामजी) की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत मनरेगा में रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही पहले जहां मनरेगा के तहत सीमित कार्य होते थे, वहीं अब 318 प्रकार के कार्यों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से मजदूरों और पंचायत प्रतिनिधियों के कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके।

सह संयोजक गिरीश परिहार ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री घनश्याम जोशी ने किया।

यह भी पढ़े:कपकोट में आकाशीय बिजली का कहर, तीन परिवारों के मकान-दुकान जलकर राख, लाखों के नुकसान की आशंका

इस अवसर पर भाजपा जनपद बागेश्वर के प्रभारी एवं दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल का भी बागेश्वर आगमन पर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विधायक सुरेश गड़िया, पार्वती दास, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, बलवंत सिंह भौर्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, गरुड़ ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा सहित पार्टी के मंडल अध्यक्षों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने दोनों पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *