कपकोट।बीती रात हुई भारी बारिश के दौरान विधानसभा कपकोट के तलाई-सूपी क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दुर्गा सिंह टाकुली, जगत सिंह टाकुली और प्रेम सिंह टाकुली के मकान एवं दुकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी प्रभावित गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए प्रशासन से शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
हरीश ऐठानी ने बताया कि उन्होंने जिला आपदा अधिकारी से वार्ता कर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को नुकसान का शीघ्र आकलन कर पीड़ित परिवारों को अधिकतम आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि वे इस कठिन समय से उबर सकें।
यह भी पढ़े:कपकोट में भारी बारिश का कहर, पहली ही आपदा में पोथिंग इंटर कॉलेज का भवन क्षतिग्रस्त
इस दौरान ग्राम प्रधान सुडिंग प्रवीन सिंह मटियानी, ग्राम प्रधान सुमगढ़ भगवत सिंह कोरंगा, गोविंद टाकुली, न्याय पंचायत अध्यक्ष रमेश टाकुली, न्याय पंचायत अध्यक्ष दयाल डयाराकोटी, विजय गिंघा, भरत गोस्वामी, दर्शन दानू, खजान बघरी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
