बदरीनाथ हाईवे पर रविवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस शिवपुरी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के कलथरी डंपिंग प्वाइंट के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक बस बदरीनाथ से हरिद्वार जा रही थी। रास्ते में अचानक चालक की ओर की खिड़की खुल गई। खिड़की बंद करने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई।
बस में चालक और परिचालक समेत कुल 27 लोग सवार थे। हादसे में सात यात्री घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया गया। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया। यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
यह भी पढ़े:Uttarakhand Board Exam 2026: फेल विद्यार्थियों को मिला दूसरा मौका, 24 मई तक करें आवेदन
घायलों में सोनम गुप्ता, मुन्नी देवी, चंद्र प्रकाश गुप्ता, संजय चौरसिया, सीता देवी, शबनम और मनीष गिरी शामिल हैं। सभी घायल लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
