कपकोट। उत्तराखंड सरकार के सहयोग से संचालित ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP) के तहत शामा क्षेत्र में शिखर स्वायत्त सहकारिता समिति के सहयोग से स्थापित दुग्ध डेरी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कपकोट विधायक सुरेश गड़िया ने फीता काटकर डेरी का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद विधायक सुरेश गढ़िया ने समिति की वार्षिक आम सभा में भाग लिया और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं के परिश्रम और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।
विधायक ने कहा कि नई दुग्ध डेरी शुरू होने से क्षेत्र के किसानों और महिलाओं को दूध का बेहतर विपणन करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीणों की आय में भी वृद्धि होगी।
यह भी पढ़े:बारिश के बीच मकान पर गिरा विशाल पेड़, बाल-बाल बचा परिवार; मुआवजे की मांग
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह कोरंगा, सीएलएफ अध्यक्ष देवकी देवी, मंडल अध्यक्ष हरीश कोरंगा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम, भवान सिंह कोरंगा, ग्राम प्रधान प्रेमा देवी, बलवंत कोरंगा, नरेंद्र कोरंगा, भूपेंद्र कोरंगा, कलावती कोरंगा, हंसा देवी, REAP परियोजना अधिकारी आरिफ खान, सहायक प्रबंधक सुनील भट्ट, हरीश पांडा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय महिलाएं मौजूद रहीं।
