उत्तराखंड में महिला खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के संचालन के लिए 16 नए पदों को मंजूरी दे दी गई है। यह कॉलेज चंपावत जिले के लोहाघाट में बनाया जा रहा है और इसी साल जुलाई से यहां कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है।
करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस स्पोर्ट्स कॉलेज को समय पर शुरू करने के लिए सरकार तेजी से तैयारियां कर रही है। कॉलेज संचालन की जिम्मेदारी फिलहाल पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज शर्मा को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है।
सरकार की ओर से कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। नए पद सृजित होने से शैक्षणिक और खेल गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। इससे प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़े:Udham Singh Nagar: रुद्रपुर में कबाड़ गोदाम में भड़की भीषण आग, चार दमकल गाड़ियां मौके पर जुटीं
स्वीकृत पदों में एक प्रधानाचार्य, तीन खेल अध्यापक, तीन सहायक खेल अध्यापक, एक पीटीआई कम वार्डन, एक खेल प्रबंधक और एक फिजियोथेरेपिस्ट शामिल हैं। इसके अलावा प्रशासनिक और सहयोगी स्टाफ के पद भी मंजूर किए गए हैं, जिनमें कनिष्ठ सहायक, सहायक वार्डन, अनुसेवक और ग्राउंड स्टाफ शामिल हैं।
