CM धामी सरकार ने कपकोट CHC को उप जिला चिकित्सालय बनाने के लिए 31 नए पदों को दी मंजूरी
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की कपकोट विधानसभा के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत कपकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को उप जिला चिकित्सालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 31 नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है।
सरकार के इस फैसले से कपकोट क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा के लिए दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
स्वीकृत पदों में 12 विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद शामिल हैं। इनमें मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र शल्यक, आर्थो सर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, ईएनटी सर्जन, जीडीएमओ और चर्म रोग विशेषज्ञ शामिल रहेंगे।
इसके अलावा 9 नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टॉफ, 4 प्रशासनिक स्टॉफ और 6 आउटसोर्स कर्मचारियों के पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
क्षेत्रवासियों ने सरकार के इस फैसले को कपकोट के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। लोगों का कहना है कि इससे स्वास्थ्य सुविधाएं आधुनिक और मजबूत होंगी तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
कपकोट विधायक सुरेश गड़िया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार लगातार क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है।
