कपकोट (बागेश्वर)। जनपद के कपकोट थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां ग्राम जगथाना में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
शादी को हुआ था अभी सिर्फ एक महीना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान ममता देवी (उम्र लगभग 22 वर्ष) पुत्री श्री देव सिंह के रूप में हुई है। ममता की शादी अभी बीते 29 अप्रैल 2026 को ही ग्राम तोली (थाना कपकोट) निवासी पवन सिंह पुत्र चंचल सिंह के साथ हुई थी। ममता का पति पवन सिंह दिल्ली में एक प्राइवेट नौकरी करता है। शादी के कुछ ही समय बाद ममता आजकल अपने मायके जगथाना आई हुई थी।
मायके के घर में देर रात उठाया आत्मघाती कदम
बताया जा रहा है कि आज (4 जून) तड़के लगभग 02:00 बजे ममता ने मायके के घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त घर पर उसकी मां मौजूद थी, जबकि पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। देर रात हुई इस घटना से परिजनों के होश उड़ गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही कपकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। थाना पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा (शव पंचनामा) भरने की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर, शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बागेश्वर भेज दिया गया है।
यह भी पढ़े:कपकोट:करूली बैंड–गाजली-बिजोरिया मोटर मार्ग का शुभारंभ, ₹1.67 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क
महिला ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
