बागेश्वर जनपद के कपकोट क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कपकोट-शामा मोटर मार्ग पर झोपड़ा स्थित जंगल कैफे के पास एक स्कूटी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे दिल्ली नंबर की स्कूटी जंगल कैफे के निकट दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से लगभग 25 से 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ कपकोट और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों युवकों का रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने 27 वर्षीय गणेश तिरुवा पुत्र महेश तिरुवा निवासी राक्सी, कपकोट को मृत घोषित कर दिया। वहीं 25 वर्षीय कृष्णा तिरुवा पुत्र दिनेश राम निवासी राक्सी, कपकोट का उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतक गणेश तिरुवा कपकोट बेंड में मोबाइल की दुकान संचालित करता था। वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से स्कूटी लेकर आया था। गुरुवार को वह अपने दोस्तों के साथ झोपड़ा घूमने गया था। लौटते समय स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी।
यह भी पढ़े: भैरों लिंक रोड पर बड़ा हादसा, घास लेने जा रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।
