बागेश्वर जिले की सरयू घाटी के सूपी-रीखाड़ी क्षेत्र में बिजली के भारी-भरकम बिलों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को ग्रामीणों ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता से मुलाकात कर अपनी नाराजगी जताई। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं को 40 हजार, 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक के बिजली बिल भेजे गए हैं, जिससे लोगों में भारी चिंता और नाराजगी है। विभाग की ओर से बताया गया कि मीटर रीडिंग में त्रुटि के कारण बिलों में यह समस्या सामने आई है।
ग्रामीणों ने मांग की कि विवादित बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर जल्द समाधान किया जाए और दोषी कर्मचारियों व एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि विभागीय लापरवाही का बोझ आम उपभोक्ताओं पर नहीं डाला जाना चाहिए।
इस मामले में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने भी ग्रामीणों का समर्थन करते हुए कहा कि यह जनहित से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के साथ खड़े हैं और उनकी समस्याओं को संबंधित मंचों पर मजबूती से उठाते रहेंगे।
यह भी पढ़े:शिखर मूल नारायण धाम में श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई श्रीमद्भागवत कथा
ग्रामीणों ने सरकार और यूपीसीएल से मांग की है कि सभी विवादित बिलों की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए तथा भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
