7 साल बाद भी नहीं बनी फुलवाड़ी–फलाचौरा–खालीदार सड़क, ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

उत्तराखण्ड

कपकोट। फुलवाड़ी–फलाचौरा–खालीदार मोटर मार्ग के निर्माण में वर्षों से हो रही देरी के विरोध में ग्राम पंचायत चीरा बगड़ के ग्रामीणों ने फुलवाड़ी–फलाचौरा–खालीदार सड़क संघर्ष समिति के बैनर तले सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कपकोट कर्मी सड़क पर रैली निकालकर जोरदार नारेबाजी की और जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी।

ग्राम प्रधान कुंदन बिष्ट ने बताया कि सितंबर 2019 में तत्कालीन विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, तत्कालीन ब्लॉक प्रमुख गोविंद दानू तथा जिला पंचायत सदस्य प्रभा गड़िया ने सड़क निर्माण का उद्घाटन किया था। लेकिन करीब सात वर्ष बीत जाने के बाद भी भूमि पूजन स्थल से आगे एक मीटर सड़क का निर्माण तक नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण लगातार शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार छह महीने, 20 दिन या अन्य समय का आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।

संघर्ष समिति के अध्यक्ष रतन सिंह दानू और सचिव करम सिंह ने बताया कि इस संबंध में वे जिलाधिकारी से भी मिले थे। जिलाधिकारी ने 20 दिन के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया।

प्रदर्शन के बाद आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तय की। ग्राम प्रधान कुंदन बिष्ट ने बताया कि रविवार को ग्रामीण बच्चों के साथ एक दिन का अन्न त्याग करेंगे। इसके बाद सोमवार से काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़े: कपकोट में भाजपा की संयुक्त मंडल बैठक, संगठन मजबूती और बूथ सशक्तिकरण पर हुआ मंथन

प्रदर्शन में चरण सिंह बघरी, शेर सिंह, मोहन सिंह, गजेंद्र सिंह, करम सिंह, हीरा धामी, मदन सिंह, अनुली देवी, उदुली देवी, प्रेमा, हंसा, राधिका तारा सहित करीब 60 से अधिक महिला एवं पुरुष ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *