बनेगांव आपदा मामले में शासन-प्रशासन पर कांग्रेस का हमला, लापरवाही के लगाए आरोप

उत्तराखण्ड

बागेश्वर।कांडा तहसील की ग्राम सभा बनेगांव के उपराड़ा तोक में हुई भीषण दैवीय आपदा के बाद कांग्रेस नेताओं ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, ब्लॉक अध्यक्ष केवलानंद पांडे, दुगनागुरी ब्लॉक अध्यक्ष सुंदर मेहरा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य नरेंद्र राठौड़ ने आपदा प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार आपदा में कई ग्रामीण घायल हुए हैं, जिनमें हंसी देवी, तुलसी देवी, लीला देवी, प्रेम देवी, मीना देवी और दीपा देवी शामिल हैं। वहीं बंशीधर कांडपाल का आवासीय मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया है, जिससे परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद प्रशासन की ओर से अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई। उनका कहना है कि केवल तहसीलदार और पटवारी ही मौके पर पहुंचे, जबकि कोई वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने नहीं पहुंचा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घायलों को अस्पतालों से समय से पहले घर भेज दिया गया और उपचार के दौरान परिजनों को आवश्यक सामग्री स्वयं खरीदनी पड़ी।

कांग्रेस नेताओं ने सभी घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता तथा पुनर्वास की मांग की है। साथ ही वन विभाग और वन निगम से क्षेत्र में मौजूद अन्य खतरे वाले पेड़ों को जल्द हटाने की मांग भी की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

यह भी पढ़े:भराड़ी बाजार से लापता महिला सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा गया

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत, मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई तो कांग्रेस आंदोलन करने को बाध्य होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *