कपकोट।कांग्रेस की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ के तहत रविवार को कपकोट के रामलीला मैदान में विशाल जनसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड प्रभारी मनोज यादव समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। सभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी, पेपर लीक, अग्निवीर योजना और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी मनोज यादव ने अपने संबोधन में प्रदेश में हुई चोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है और सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल साबित हुई है।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि प्रदेश में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें मिला सम्मान समाज सेवा के लिए नहीं, बल्कि अपनी पार्टी की सेवा का पुरस्कार है।
गोदियाल ने कहा कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो कपकोट क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर विशेष ध्यान देने का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़े:भयूं गडेरा–नरगड़ा मोटर मार्ग निर्माण की मांग, ग्रामीण पहुंचे तहसील
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, ललित फर्स्वाण, पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, गोपा धापोला, वंदना ऐठानी, सरोज आर्या, खजान गुड्डू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुंदर मेहरा ने किया।
