कपकोट:अटल उत्कृष्ट विद्यालय सूपी में भौतिक विज्ञान और गणित के प्रवक्ता के पद रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस मुद्दे को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने नाराजगी जताई और विद्यालय में जल्द प्रवक्ताओं की नियुक्ति की मांग उठाई।
यूकेडी के केंद्रीय कोषाध्यक्ष वरुण चंदोला ने बताया कि विद्यालय में इंटर विज्ञान वर्ग के 35 छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन अहम विषयों के प्रवक्ता नहीं होने से उनकी पढ़ाई पर लगातार असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए जल्द शिक्षकों की तैनाती की जानी चाहिए।
यूकेडी कार्यकर्ता विद्यालय पहुंचे और प्रिंसिपल से इस मामले को लेकर बातचीत करते हुए नजर आए। इस दौरान विद्यालय में शिक्षकों की कमी और विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई।
वहीं, विद्यालय प्रबंधन की ओर से यूकेडी कार्यकर्ताओं पर स्कूल का माहौल खराब करने और शांति भंग करने का आरोप लगाया गया। इस पर वरुण चंदोला ने कहा कि प्रिंसिपल की पत्नी भाजपा से प्रधान हैं और उनके भाई क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं, इसलिए राजनीतिक कारणों से इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े: Rishikesh: गुरु भक्ति की मिसाल, दिव्यांग गुरु को कंधों पर लेकर केदारनाथ यात्रा पर निकला युवक
यूकेडी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में भौतिक विज्ञान और गणित के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
