एक तरफ प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा सड़कों के सुधार और विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिचला दानपुर क्षेत्र की कई मोटर मार्ग आज भी बदहाल स्थिति में हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली सड़कों का कार्य निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है।
क्षेत्र की महत्वपूर्ण खडलेख-भनार मोटर मार्ग, जिसकी कुल लागत लगभग 11 करोड़ रुपये बताई जा रही है, आज भी अधूरे कार्य और खराब हालत का उदाहरण बनी हुई है। सड़क पर अब तक डामरीकरण का कार्य पूरा नहीं हो सका है, जिससे बरसात के मौसम में स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों के लिए इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा बन गया है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये स्वीकृत होने के बावजूद भी सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा न होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
यह भी पढ़े:कपकोट अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर फूटा जनाक्रोश, निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य सेवाओं की पोल
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि बिचला दानपुर क्षेत्र की अधूरी और उपेक्षित सड़कों को लेकर जल्द ही जनता के बीच व्यापक स्तर पर आवाज उठाई जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों व सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
