Udham Singh Nagar: नानकमत्ता में भीषण सड़क हादसा, चंपावत के शिक्षक सहित दो की मौत

उत्तराखण्ड

ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में चंपावत निवासी एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, चंपावत के माडली गांव निवासी 41 वर्षीय संजय पांडे राजकीय इंटर कॉलेज बालातड़ी में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने हल्द्वानी गए थे। देर रात दोनों कार से वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान नानकमत्ता के पास उनकी कार की सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथी चंद्रप्रकाश जोशी हादसे में सुरक्षित बच गए।

दूसरी ओर फॉर्च्यूनर में सवार कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। हादसे में फॉर्च्यूनर सवार एक व्यक्ति की भी जान चली गई। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

यह भी पढ़े:नेपाल से बागेश्वर तक पहुंचा प्यार, सदियों पुराना रोटी-बेटी का रिश्ता फिर हुआ मजबूत

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। घटना के बाद मृतक शिक्षक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। संजय पांडे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों, माता-पिता और दादी को छोड़ गए हैं। वह भजन गायन के लिए भी क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध थे। उनके निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *