रुद्रप्रयाग में बिगड़ा मौसम, केदारनाथ रूट पर दो हेलीकॉप्टरों की करानी पड़ी आपात लैंडिंग

उत्तराखण्ड

रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम खराब होने से हेली सेवाएं प्रभावित हो गईं। लगातार बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण केदार घाटी में घना कोहरा और धुंध छा गई, जिससे उड़ानों का संचालन बाधित रहा।

मौसम खराब होने से दृश्यता काफी कम हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दो हेलीकॉप्टरों की अगस्त्यमुनि हेलीपैड पर आपात लैंडिंग कराई गई।

जानकारी के अनुसार, हिमालयन हेली सेवा का एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सेरसी की ओर जा रहा था, जबकि इंडो कॉप्टर कंपनी का दूसरा हेलीकॉप्टर सहस्रधारा से फाटा के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में घना कोहरा छाने के कारण पायलटों को उड़ान जारी रखने में दिक्कत हुई।

खराब दृश्यता को देखते हुए दोनों पायलटों ने सावधानी बरतते हुए अगस्त्यमुनि मैदान स्थित हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग की।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एन.एस. रजवार ने बताया कि मौसम खराब होने की वजह से एहतियातन दोनों हेलीकॉप्टरों को अगस्त्यमुनि में उतारा गया। मौसम सामान्य होने के बाद दोनों हेलीकॉप्टर अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

यह भी पढ़े:Uttarakhand Weather Update: चारधाम यात्रा पर जाने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें, दो दिन भारी बारिश का अलर्ट

हेली सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को भी कुछ समय तक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *