दिल्ली में सीएम धामी की अहम बैठक, चारधाम यात्रा के लिए गैस सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग

उत्तराखण्ड

देहरादून/दिल्ली: उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार से अहम अनुरोध किया है।

सोमवार को दिल्ली में उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने खास तौर पर चारधाम यात्रा के दौरान व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की लगातार और पूरी आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हर साल अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दौरान होटल, ढाबों और अन्य सेवाओं में गैस की खपत तेजी से बढ़ जाती है। अनुमान के अनुसार, यात्रा अवधि में राज्य को करीब 9.68 लाख व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की जरूरत पड़ती है।

उन्होंने यह भी कहा कि जून से सितंबर के बीच मानसून के कारण राज्य में प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है। पहाड़ी इलाकों की कठिन भौगोलिक स्थिति के चलते राहत और बचाव कार्यों में एलपीजी की अहम भूमिका होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त 5 प्रतिशत सिलेंडर (लगभग 48 हजार) का अलग से आवंटन करने का भी अनुरोध किया, ताकि आपदा के समय राहत कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए।

यह भी पढ़े:दुर्गम रीमा से उभरी सफलता की मिसाल: साक्षी मेहता ने 93% अंकों के साथ जिला मेरिट में बनाई जगह

सरकार का मानना है कि समय रहते यह व्यवस्था सुनिश्चित करने से यात्रा और आपदा प्रबंधन दोनों को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *