
देहरादून: भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सोमवार को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और कक्षा 1 से 12 तक के सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने मौसम विभाग के अलर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया। प्रशासन के अनुसार, दिनभर तेज गर्मी और लू चलने की आशंका है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
पहली बार गर्मी में लिया गया ऐसा फैसला
अब तक देहरादून में आमतौर पर बारिश या सर्दियों के दौरान ही स्कूलों में छुट्टी घोषित की जाती रही है। लेकिन इस बार बढ़ते तापमान ने हालात बदल दिए हैं। राज्य बनने के बाद पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है जब लू के कारण प्रशासन को स्कूल बंद करने का निर्णय लेना पड़ा।
बढ़ती गर्मी ने बदला मौसम का मिजाज
पिछले कुछ वर्षों में देहरादून का मौसम तेजी से बदला है। पहले जहां हल्की बारिश से मौसम ठंडा हो जाता था, अब लंबे समय तक तेज गर्मी बनी रहती है। इसी बदलाव के चलते अब पहाड़ी क्षेत्र भी मैदानी इलाकों जैसी गर्मी का सामना कर रहे हैं।
यह भी पढ़े:दिल्ली में सीएम धामी की अहम बैठक, चारधाम यात्रा के लिए गैस सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग
प्रशासन ने दिए जरूरी निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी स्कूलों को पहले ही निर्देश जारी किए थे कि बच्चों के लिए ठंडे पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही शहर में लगे प्याऊ और वाटर कूलरों की नियमित जांच के भी आदेश दिए गए हैं, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
