उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के लाखों पेंशनधारकों को बड़ी राहत देते हुए अप्रैल माह की पेंशन सीधे उनके खातों में ट्रांसफर कर दी। यह भुगतान “वन क्लिक” प्रणाली के जरिए किया गया, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनी रही।
समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 7,56,682 लाभार्थियों को 111 करोड़ 82 लाख रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई। इस राशि में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएं शामिल हैं।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में नियमित रूप से शिविर लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, जिसके चलते हर साल करीब 60 हजार नए लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे बहुउद्देश्यीय कैंप आगे भी जारी रहें।
यह भी पढ़े:कपकोट में बड़ा हादसा टला: जंगली सुअरों के कारण खाई में गिरी बोलेरो, सभी सुरक्षित
इसके अलावा, 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिकों का समय पर सर्वे कर जरूरी दस्तावेज तैयार करने पर जोर दिया गया, ताकि 60 वर्ष पूरा होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके। साथ ही आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
