बागेश्वर। जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोगिनापानी गांव में बुधवार शाम एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान गोगिनापानी निवासी गोपाल राम के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार गोपाल राम सुबह से अपने तीन परिचितों के साथ बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि चारों लोगों ने दिनभर शराब का सेवन किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में विवाद और मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब पांच बजे गोगिनापानी स्थित एक दुकान के पास विवाद अचानक बढ़ गया। झगड़े के दौरान गोपाल राम की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना के समय मौजूद तीन युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
यह भी पढ़े:उत्तराखंड: मौसम साफ होते ही चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा फिर शुरू, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में हुए विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
