कपकोट।कपकोट विकासखंड के ग्वाड़ डाना गांव के ग्रामीण शनिवार को सड़क की समस्या को लेकर विधायक कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क के शीघ्र डामरीकरण की मांग करते हुए अपनी नाराजगी जताई और लंबे समय से लंबित कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कपकोट विधायक सुरेश गड़िया स्वयं ग्वाड़ डाना गांव पहुंचे। उन्होंने सड़क की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं। इस दौरान सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारणों की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर सड़क निर्माण एवं डामरीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
यह भी पढ़े: बागेश्वर में जीआईसी भटखोला के प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार
विधायक सुरेश गड़िया ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। वहीं, ग्रामीणों ने विधायक के गांव पहुंचकर मौके पर स्थिति का जायजा लेने और उनकी समस्याएं सुनने पर उनका आभार व्यक्त किया।
