कपकोट। अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कपकोट क्षेत्र में फायर यूनिट और थाना कपकोट की संयुक्त टीम ने विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का विशेष फायर सेफ्टी निरीक्षण किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा, पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, पुलिस उपाधीक्षक कपकोट तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी अल्मोड़ा-बागेश्वर-पिथौरागढ़ के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत कपड़ा दुकानों सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में लगे अग्निशामक यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की वैधता, कार्यशीलता और उनकी उपयोगिता की जांच की गई। साथ ही दुकानदारों एवं कर्मचारियों को अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित और सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
संयुक्त टीम ने व्यापारियों को प्रत्येक प्रतिष्ठान में मानक अग्निशामक यंत्र रखने, समय-समय पर उनकी सर्विसिंग और रिफिलिंग कराने, विद्युत वायरिंग की नियमित जांच करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा ज्वलनशील पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने की सलाह दी। इसके अलावा आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत फायर सर्विस और पुलिस को सूचना देने तथा शुरुआती आग पर उपलब्ध अग्निशामक यंत्र से नियंत्रण करने का सुझाव दिया गया।
यह भी पढ़े:कपकोट के युवक से नौकरी दिलाने के नाम पर ₹3.17 लाख की साइबर ठगी, मुकदमा दर्ज
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, उन्हें मौके पर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए तथा आवश्यकता के अनुसार नोटिस भी जारी किए गए। फायर यूनिट कपकोट ने बताया कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
